बस्तर हुआ विवेकानंद के हवाले, गौतम जाएंगे बिलासपुर

शेयर करें...

रायपुर।

जैसी संभावना थी वैसा ही हुआ। अब बस्तर आईजी का दायित्व विवेकानंद सिन्हा संभालेंगे। सत्र समाप्ति के बाद निकाले गए स्थानांतरण आदेश में 1999 बैच के आईपीएस पीएस गौतम को सिन्हा की जगह बिलासपुर रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। यह आदेश आज गृह विभाग के अवर सचिव एनडी कुंदानी ने जारी किया।

बस्तर इन दिनों सुर्खियां बना हुआ है। दरअसल, पहले आईजी रहे एसआरपी कल्लूरी की उलजुलूल हरकत के कारण बस्तर विवाद में आया था। तब से लेकर अब तक विवाद है कि बस्तर का पीछा ही नहीं छोड़ रहा है। एसआरपी कल्लूरी को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग व सरकार से टकराने की कीमत चुकानी पड़ी है।

फरवरी की शुरुआत में कल्लूरी गाथा से बस्तर को मुक्त किया गया था। तब से लेकर अब तक डीआईजी दंतेवाड़ा नियुक्त किए गए सुंदरराज पी. प्रभारी आईजी बस्तर का भी प्रभार संभाल रहे हैं। इस दौरान होली के ठीक पहले नक्सलियों ने सीआरपीएफ के जवानों को अपना शिकार बनाया था। इससे सरकार भी दबाव में आई थी। अब उस दबाव का नतीजा नए आईजी के रुप में सामने आया है।

96 बैच के हैं विवेकानंद
बिलासपुर आईजी रहे पवन देव के एक प्रकरण में उलझने के बाद 8 जुलाई 2016 को विवेकानंद सिन्हा को बिलासपुर आईजी नियुक्त किया गया था। वर्ष 1996 बैच के आईजी सिन्हा महज आठ माह ही बिलासपुर आईजी रह पाए। हालांकि इसके पहले भी उन्हें कल्लूरी के स्थान पर प्रभारी आईजी बस्तर का दायित्व मिला था। अब वे पूर्ण कालिक आईजी के रुप में बस्तर जा रहे हैं।

9 जुलाई 1997 से 29 फरवरी 2000 तक वह हैदराबाद की ट्रेनिंग में थे। इसके बाद एसडीओपी के चार्ज में उन्होंने बिदिशा में एक मार्च 2000 तक का समय बिताया। फिर दंतेवाड़ा एसपी के रुप में उन्होंने 24 जून 2001 से 6 जनवरी 2003 तक का कार्यकाल निपटाया।

एडीसी टू गर्वनर के पद पर 7 जनवरी 2003 से 30 जुलाई 2004 तक वह रायपुर में रहे। फिर एसपी राजनांदगांव का प्रभार उन्हें मिला और 31 जुलाई 2004 से 6 अप्रैल 2006 तक नांदगांव में रहे। जांजगीर एसपी के रुप में उन्होंने सात अप्रैल 2006 से 17 अप्रैल 2008 तक का समय बिताया।

पहले भी रह चुके हैं बस्तर में
सिन्हा इसके पहले भी बस्तर में रह चुके हैं। एसपी बस्तर रह चुके सिन्हा की अब आईजी के तौर पर बस्तर वापसी हो रही है। बस्तर एसपी के रुप में सिन्हा ने 18 अप्रैल 2008 से 6 अगस्त 2008 तक का समय बिताया था। इसके बाद उन्हें बिलासपुर एसपी बनाया गया और सात अगस्त 2008 से 24 जून 2010 तक का वक्त बिलासपुर में उन्होंने गुजारा।

डीआईजी के पद पर पदोन्नत होने के बाद सिन्हा को पीएचक्यू में एसआईबी का प्रभार मिला था। 25 जून 2010 से 23 सितंबर 2012 तक वह एसआईबी के डीआईजी रहे। इसके बाद वह प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार में चले गए थे। वहां उन्होंने एसपीजी के डीआईजी पद पर 24 सितंबर 2012 से काम किया था। अब उन्हें बस्तर की जिम्मेदारी दी गई है तो इससे दंतेवाड़ा डीआईजी सुंदरराज पी का भी दबाव कम होगा।

प्रशासन में आईजी थे गौतम
इधर पुरुषोत्तम गौतम अब सिन्हा के स्थान पर बिलासपुर के आईजी बनाए गए हैं। गौतम को इसी साल डीआईजी से आईजी पद पर पदोन्नति मिली है। बताया जाता है कि गौतम की बिलासपुर आईजी के पद पर नियुक्ति आश्चर्यजनक रही है। दरअसल उन्हें पुलिस मुख्यालय में प्रशासन शाखा का दायित्व 17 जनवरी को ही मिला था। तकरीबन ढाई महिने में ही वह बिलासपुर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *