राज्यपाल के दौरे के बीच मारा गया रेलवे ठेकेदार

शेयर करें...

दंतेवाड़ा।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के प्रवास के दौरान ही नक्सलियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने कमालूर पांडेवार गांव में जिंदल कंपनी के एक ठेकेदार गणेश नायडू की धारदार हथियार से हत्या कर, उसकी बोलेरो वाहन में आग लगा दी।

रेलवे ठेकेदार गणेश नायडू आज अपने कर्मचारियों को पेमेंट करने फरसपाल थाना क्षेत्र के कमालूर गांव गया था। इसी दौरान नक्सलियों ने उसे रास्ते में रोक लिया।

चेतावनी के बाद काम बंद नहीं करने का आरोप लगाते हुए, उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद नक्सलियों ने ठेकेदार की बोलेरो वाहन में भी आग लगा दी।

घटना की पुष्टि करते हुए दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि नक्सलियों ने ठेकेदार को फोन करके मौके पर बुलाया था, जिसके बाद उन लोगों ने घटना को अंजाम दिया। हत्या की जानकारी मिलते ही मौके की ओर पुलिस बल रवाना कर दिया गया है।

इधर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आज दंतेश्वरी मंदिर दर्शन के लिए पहुंची हैं। राज्यपाल ने मंदिर में दर्शन से पहले आंगनबाड़ी केन्द्र का जायजा भी लिया है। राज्यपाल की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि पखवाड़े भर पूर्व ही सुकमा जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में संलग्न दुर्ग के ठेकेदार हरिशंकर साहू की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *