नक्सली एंबुश में फंसे कैमरामैन की मौत

शेयर करें...

नेशन अलर्ट/जगदलपुर।

नीलवाया (दंतेवाड़ा) के जंगल में नक्सलियों ने आज पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों ओर से चली गोलीबारी में दूरदर्शन के कैमरामैन अच्युतानंद साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वह मीडिया कवरेज के लिए बस्तर प्रवास पर थे। उनके अलावा एक एएसआई सहित एक जवान की भी शहादत की खबर है। एक अन्य मीडियाकर्मी सहित दो जवान घायल बताए जा रहे हैं।

मामले के संबंध में जो जानकारी मिली है तकरीबन दो सौ की तादाद में नक्सली वारदात की फिराक में नीलवाया जंगल में मौजूद थे। जैसे ही पुलिस पार्टी वहां पहुंची नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया।

जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर है घटनास्थल
दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर नीलवाया का जंगल अरनपुर थाना क्षेत्र में आता है। जब पुलिस पार्टी पर नक्सलियों ने हमला किया तब दिल्ली से आए कैमरामैन उसे कवर करने का प्रयास कर रहे थे।

इसी दौरान उन्हें गोली लगी और वह शहीद हो गए। सब इंस्पेक्टर रुद्रप्रताप सिंह और सहायक आरक्षक मंगलू भी मौके पर ही शहीद हो गए। आरक्षक विष्णु नेताम, सहायक आरक्षक राकेश घायल बताए जाते हैं।

डीआईजी नक्सल पी सुंदरराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि मामले की और जानकारी एकत्र की जा रही है। फिलहाल सिर्फ एंबुश की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *