नवाज जैसे भ्रष्टाचारियों को कभी भाजपा में नहीं लेंगे: यादव

शेयर करें...

नेशन अलर्ट/9770656789
www.nationalert.in

राजनांदगांव. भाजपा का मतलब साफ-सुथरी पार्टी से है। इस पार्टी में नवाज खान जैसे भ्रष्टाचारियों को लेने की न तो बात चल रही है और न ही कभी पार्टी में लेंगे। नवाज की असली जगह कहा है यह जांच के बाद स्पष्ट हो जाएगा।
उक्ताशय का विचार आज यहां एक पत्रकारवार्ता के दौरान पूर्व सांसद व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने व्यक्त किए। इस पत्रकारवार्ता में बाद में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी शामिल हुए थे। पूर्व सांसदद्वय यादव व सिंह ने राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल की बखिया उधेड़ दी।
क्या कुछ कहा…
दोनों नेताओं में संयुक्त पत्रकारवार्ता में कांग्रेस प्रत्याशी को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि 5 वर्षों तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहने के दौरान जिस बघेल ने राजनांदगांव की घनघोर उपेक्षा की वह अब किस मुंह से यहां की जनता से वोट मांग रहा है।
बघेल पर बरसते हुए दोनों ने प्रतिप्रश्न किया कि मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान यहां के लिए किए गए पांच बड़े काम यदि वह गिना दे तो वे राजनीति से सन्यास ले लेंगे। मुख्यमंत्री रहने के दौरान डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव को जो फण्ड उपलब्ध करवाया था उसे भी बघेल ने मुख्यमंत्री बनने के बाद वापस बुला लिया था।
पूर्व सांसद यादव ने बघेल पर यह कहते हुए सवाल उठाया कि राजनांदगांव के विकास को किसके कहने पर उन्होंने भगवान भरोसे छोड़ दिया था। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद राशन कार्डों में दिए जा रहे राशन में कमी के बघेल के आरोप को भी यादव-सिंह ने झूठा करार दिया।
दोनों ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड में किसी भी तरह की कमी नहीं की गई है। दरअसल मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के तहत दिया जा रहे राशन के अतिरिक्त प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप 5 किलो अतिरिक्त राशन मुफ्त में हितग्राहियों को दिया जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा राशन में कटौती की बातें करना बेबुनियाद आरोप लगाना है।
मुख्यमंत्री रहने के दौरान बघेल का कार्यकाल भ्रष्टाचारियों की कहानियों से लबरेज रहा है। भ्रष्टाचार में डूबे सहयोगियों को आज तक अदालत से जमानत भी नहीं मिली है। अकेले राजनांदगांव जिले में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में भ्रष्ट तरीके से नियुक्त किए गए 50 से अधिक कर्मचारियों को जांच के बाद बेदखल कर दिया गया है।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष रहने के दिनों में नवाज खान को मुख्यमंत्री रहे बघेल का करीबी माना जाता था। नवाज के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर यादव ने कहा कि ऐसा कोई प्रयास नहीं हो रहा है। नवाज जैसे भ्रष्टाचारियों को भाजपा कभी अपनी पार्टी में प्रवेश देने से रही। नवाज की असल जगह कहां है यह जांच के बाद स्पष्ट हो जाएगा। दरअसल, दो दिनों से राजनांदगांव में यह चर्चा चल रही थी कि नवाज ऐन केन प्रकारेण भाजपा में शामिल होने की तैयारी में हैं।
राहुल से पूछिए…मिल क्यों नहीं खुली
एक सवाल के जवाब में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राजनांदगांव में दिए गए बयान का उल्लेख किया। दरअसल राहुल ने गंज चौक की सभा में कहा था कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो बंगाल नागपुर कॉटन मिल (बीएनसी मिल) को पुनः चालू किया जाएगा। सौभाग्य से कांग्रेस की सरकार बन गई लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहने के दौरान भूपेश बघेल को राहुल गांधी द्वारा किए गए वायदे पर रत्ती भर भरोसा नहीं रहा।
अभिषेक ने दोहराया कि भूपेश बघेल ने किसी और सभा में यह कहा था कि राजनांदगांव में जूट मिल खोलेंगे। मिल तो खुलने से रही लेकिन राजनांदगांव बघेल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में पैसे-पैसे के लिए तरस गया। नगर निगम के कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान भी नहीं हो पाया।
पूर्व सांसद सिंह ने कहा कि निगम में 2018 के पहले कितनी धनराशि आई थी और 2018 के बाद कितनी आई यह आप सभी को मालूम है। राजनांदगांव की सड़कें बदहाल हो गई हैं। सुरगी इसका एक उदाहरण मात्र है। राजनांदगांव का मेडिकल कॉलेज चिकित्सकों सहित उपकरणों की कमी से जूझते रहा। दिग्विजय स्टेडियम को जिस हाल में होना चाहिए था वह उस हाल में नहीं है। इन सारी बातों का जवाब भूपेश बघेल को देना ही होगा क्योंकि ये आम जनमानस के सवाल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *