मुख्यमंत्री का कुनबा जेल जाएगा : कांग्रेस

शेयर करें...

रायपुर।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने शनिवार को राजीव भवन में पत्रकारवार्ता ली। पत्रकारों को संबोधित करते होते हुए शैलेश नितिन त्रिवेदी, रूचिर गर्ग, डॉ. राकेश गुप्ता एवं किरणमयी नायक ने भाजपा पर जमकर हमला बोला।

कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि भाजपा राजनीतिक विरोध को पुलिस के डंडे से निपटाने में लगी है। भाजपा ने सारे वही गुण अपना लिए जिसका विरोध करके सत्ता में आई थी।

कांग्रेसियों के मुताबिक भाजपा के इशारे पर पुलिस ने पीसीसी चीफ बघेल के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया है। इस एफआईआर के बाद यह तय हो गया है कि अपने अंतिम दिनों में भी भाजपा सरकार तानाशाही और पुलिसिया आतंक का सहारा छोड़ नहीं रही है।

नेताओं ने कहा कि पिछले पंद्रह साल में मुख्यमंत्री ने लोकतांत्रिक ढंग से राजनीतिक विरोध को लगातार अपराध साबित करने का प्रयास किया है। कांग्रेस ने विपक्षी का दायित्व निभाते हुए सरकार की कमियों, कमजोरियों को उजागर किया।

उनके अनुसार लेकिन सरकार ने इसे अलग दृष्टिकोण से लिया। इससे साबित हो गया कि भाजपा और खासकर मुख्यमंत्री की आस्था लोकतंत्र में नहीं बल्कि तानाशाही में है।

नेताओं ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार को चैन से बैठने नहीं दिया। नान घोटाले से लेकर अंतागढ़ में लोकतंत्र चीरहरण तक सरकार के सारे घोटाले उन्होंने ही उजागर किए।

भूपेश बघेल की अगुवाई में ही कांग्रेस ने किसानों की लड़ाई लड़ी। सरकार को 15 क्विंटल धान खरीदने पर मजबूर किया। कांग्रेस के दबाव में ही दो साल बाद भाजपा सरकार को बोनस देने का फैसला करना पड़ा।

यही वजह है कि भाजपा सरकार ने लगातार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ षडयंत्रों का सिलसिला चला रखा है।

नेताओं ने कहा कि झूठे मामले मुकदमे का यह खेल अब छत्तीसगढ़ में जल्द ही समाप्त होगा। सारे घपले घोटालों के मामले में रमन सिंह, उनके बेटे अभिषेक सिंह और पूरा कुनबा जेल जाएंगे। साथ ही भाजपा सरकार के कामों में भागीदारी निभाने वाले अधिकारी भी जेल जाएंगे।

कांग्रेसियों के मुताबिक जल्दी ही भाजपा सरकार की विदाई हो जाएगी।भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *