कभी भी हो सकता है छग पुलिस में फेरबदल

शेयर करें...

रायपुर।

छत्तीसगढ़ पुलिस में प्रशासनिक फेरबदल कभी भी हो सकता है। बताया जाता है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मैदानी इलाकों से अधिकारियों को भेजे जाने की कवायद चल रही है। मुख्यमंत्री के विदेश प्रवास के पूर्व ट्रांसफर लिस्ट निकाले जाने की संभावना जताई जा रही है।

राज्य में कुछ दिनों पूर्व ही आईएएस अफसरों के तबादले हुए हैं। कई जिलों के कलेक्टर उक्त फेरबदल में प्रभावित हुए और कुछ कमिश्रर बदल दिए गए। अब इधर राज्य पुलिस में तबादले होंगे। विभागीय स्तर पर सूची तैयार करने के बाद गृहविभाग को इसका प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही आदेश जारी किया जाएगा। मई के अंतिम सप्ताह से लेकर 15 जून के पहले जारी करने की अटकलें लगाई जा रही है। इस सूची में सबसे अधिक माओवादी प्रभावित बस्तर रेंज, दुर्ग और सरगुजा में पदस्थ अफसरों के नाम है।

सुकमा हमले के बाद दबाव में है पुलिस
सुकमा में हुए माओवादी हमले के बाद से पुलिस मुख्यालय के आला अधिकारियों पर लगातार दबाव पड़ रहा था। इसे देखते हुए सभी पांच रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों से जिला स्तर पर किए जाने वाले फेरबदल की प्रस्तावित सूची मंगवाई गई थी। माओवादी प्रभावित क्षेत्र में महकमे के उपस्थिति दर्ज कराने के लिए युवा और तेजतर्रार पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है।

इसमें बस्तर रेंज से लेकर धमतरी, गरियाबंद और राजनांदगांव क्षेत्र के पुलिस थानों और चौकियों को शामिल किया गया है। डीजीपी एएन उपाध्याय ने प्रस्तावित फेरबदल को लेकर विभागीय अफसरों की बैठक ले चुके है। इसमें ऑपरेशन से जुड़े पुलिसकर्मी भी शामिल थे। इसे माओवादी मोर्चे पर राज्य पुलिस की पकड़ मजबूत बनाने और केंद्रीय फोर्स के साथ चलाए जाने वाले अभियान के रूप में देखा जा रहा है।

नए लोगों को भेजा जाएगा
माओवादी प्रभावित बस्तर को फोकस करते हुए प्रस्तावित स्थानांतरण की सूची बनाई गई है। इसमें संवेदनशील और अतिसंवेदनशील 80 थानों का ध्यान रखा गया है। मुख्यालय के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद पासआउट हुए लोगों को भी वहां भेजा जाएगा। बताया जाता है कि बीमार और पिछले काफी समय से एक ही स्थान पर जमे हुए पुलिसकर्मियों को हटाकर वहां नए लोगों को भेजा जाएगा।
पुलिस महकमे में होने वाले प्रस्तावित फेरबदल का अंतिम फैसला मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह करेंगे। 28 मई को विदेश प्रवास प्रवास पर जाने से पहले ही उनकी स्वीकृति मिलने की संभावना जताई जा रही है। बताया जाता है कि जाने के पहले ही वे आदेश पर अपनी मुहर लगाकर जाएंगे। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री 28 मई से 2 जून तक दक्षिण कोरिया और जापान की यात्रा पर जा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *