लोकसभा चुनाव की गिरी गाज, हटाए गए कांकेर कलेक्टर

शेयर करें...

नेशन अलर्ट/9770656789
www.nationalert.in
कांकेर/रायपुर. लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के हटते ही कांकेर कलेक्टर अकस्मात हटा दिए हैं। इसे कांकेर के नतीजे से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल इस पर कोई कुछ नहीं बोल रहा है लेकिन माना जा रहा है कि महज 1884 मतों से मिली जीत के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार ने कांकेर कलेक्टर को हटाने का फैसला किया है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव कलेक्टर अभिजीत सिंह ने संपन्न करवाया था। शुक्रवार को अचानक उन्हें बदल दिया गया। वह महज तकरीबन 5 महीने पहले ही कांकेर में पदस्थ हुए थे। उन्होंने कलेक्टर रहीं डॉ. प्रियंका शुक्ला से कांकेर कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया था। वह गृह विभाग के संयुक्त सचिव के पद से कलेक्टर बनाकर भेजे गए थे।
22वें कलेक्टर होंगे क्षीरसागर
2012 बैच के आईएएस अफसर अभिजीत सिंह 21वें कलेक्टर हुआ करते थे। अब यहां पदस्थ किए गए निलेश महादेव क्षीरसागर (2011) 22वें कलेक्टर होंगे। वह अब तक राज्य निर्वाचन आयोग में पदस्थ थे। अभिजीत सिंह गृह विभाग में विशेष सचिव बनाकर भेजे गए हैं।
हालांकि इस बारे में कोई कुछ बोलने तैयार नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि सरकार ने यह फैसला लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखकर लिया है। प्रदेश में भाजपा ने 11 में से 10 सीट जीती है। इसमें भी सबसे कम मतों से उसे कांकेर में ही जीत मिली थी।
कांकेर लोकसभा क्षेत्र से उसके प्रत्याशी रहे भोजराज नाग महज 1884 मतों से जीते थे। नाग ने कांग्रेस के विरेश ठाकुर को पराजित किया था। नाग को 5 लाख 97 हजार 624 मत मिले थे। जबकि ठाकुर को 5 लाख 95 हजार 740 मत मिले थे।
माना जा रहा है कि पोस्टल बैलेट की गिनती में हुए कथित विलंब को लेकर राज्य सरकार कांकेर कलेक्टर सिंह से नाराज रही थी। संभवतः इसी नाराजगी के मद्देनजर उन्हें यहां से हटा दिया गया है और क्षीरसागर पदस्थ किए गए हैं।
इनके अतिरिक्त 2021 बैच के वासु जैन को योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग के अवर सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। वह फिलहाल अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पद पर पदस्थ थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *