वोट दो नहीं तो तुड़वा दूंगा घर ; मूणत की शिकायत लेकर पहुंचे कांग्रेसी

शेयर करें...
रायपुर.

कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल आज रायपुर पश्चिम विधानसभा के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश मूणत की शिकायत करने निर्वाचन आयोग के दफ्तर पहुँचा। प्रतिनिधि मंडल ने निर्वाचन आयोग के दफ्तर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुब्रत साहू से मिलकर शिकायत की।

प्रतिनिधि मंडल के सदस्य शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने बताया कि रायपुर पश्चिम विधान सभा के झुग्गी-झोपड़ी,बस्तियों में जाकर प्रत्याशी राजेश मूणत द्वारा क्षेत्र के लोगों को उनके घर को तोड़ देने की बात कह कर डराया जा रहा हैं। साथ ही अपने पक्ष में वोट नहीं देने पर सोच लेने की बात कह कर धमकाया जा रहा हैं।

रायपुर पश्चिम विधानसभा के कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश मूणत द्वारा लोगों को मंदिर में कसम खिलाकर अपने पक्ष में वोट देने की बात कहना बहुत ही असभ्य और आपत्तिजनक हैं। इस प्रकार का धार्मिक उन्माद फैलाने का कार्य, राजेश मूणत और भारतीय जनता पार्टी के भय को साफ-साफ उजागर करता हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुब्रत साहू ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रारंभिक जांच उपरांत उचित कार्यवाही करने की बात कही।

विकास उपाध्याय ने बताया कि इस प्रकार के डराने-धमकाने से क्षेत्र के लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ता। अब रायपुर पश्चिम विधानसभा के लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया हैं। भारतीय जनता पार्टी की जन-विरोधी नीतियों, लोक-लुभावन वायदों,झूठ और जुमलेबाजी से जनता अब ऊब चुकी हैं। इस बार रायपुर पश्चिम विधानसभा में कांग्रेस पार्टी का विधायक बनाने का निश्चय किया है।

आज मुख्य रूप से शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश दुबे,महापौर प्रमोद दुबे,रायपुर पश्चिम विधानसभा के प्रत्याशी विकास उपाध्याय,पार्षद कुमार मेनन,अन्नू राम साहू,सोमन लाल ठाकुर,जसबीर ढिल्लन,भागवत साहू,रामदास कुर्रे व अन्य उपस्थित थे।

Comments (0)
Add Comment