“एडीजी मुकेश गुप्ता बौखला गए हैं”

शेयर करें...

रायपुर।
प्रदेश के ईओडब्लू व एसीबी चीफ मुकेश गुप्ता एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। इस बार उनपर जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। यह आरोप मासिक पत्रिका जगत विजन की संपादक विजया पाठक ने लगाया है। उन्होंने इस बारे में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एएन उपाध्याय से लिखित शिकायत भी की है।
श्रीमती पाठक ने बताया कि उन्हें इस बारे में सूत्रों से पता चला है। राज्य के एसीबी प्रमुख गुप्ता को लेकर उनकी मासिक पत्रिका ने वर्ष 2017 के जनवरी, सितंबर व नवंबर सहित इस वर्ष की मई माह की पत्रिका में आवरण कथा प्रकाशित की थी। उक्त अंकों में मुकेश गुप्ता के चरित्र, भ्रष्टाचार, कदाचार व बेनामी संपत्ति के विषय में तथ्यात्मक और संख्यात्मक जानकारी का उल्लेख है।

कई केस दर्ज करवा दिए
श्रीमती पाठक आगे बताती हैं कि उन पर एडीजी गुप्ता ने कई केस दर्ज करवा दिए हैं। जिसमें मानहानि का केस भी सम्मिलित है जो कि अदालत में चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुकेश गुप्ता इस तरह की खबरों के प्रकाशन के बाद उनसे व्यक्तिगत रंजिश रखने लगे हैं। वे लोगों के बीच उनके विषय में कई तरह की बातें करते हैं। एडीजी मुकेश गुप्ता की बौखलाहट इतनी बढ़ गई है कि उन्होंने श्रीमती पाठक के बताए अनुसार भरी अदालत में उन्हें अपशब्द तक कहें हैं। एडीजी गुप्ता का पक्ष कमजोर होने के कारण अब उन्हें केस हारने का डर सताने लगा है।
उनके बताए मुताबिक एडीजी गुप्ता उन्हें जान से मारने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी जानकारी उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से मिली है। सूत्रों के हवाले से उन्होंने कहा कि एडीजी गुप्ता उन्हें ट्रक से कुचलवाने की धमकी, परिवार व स्टॉफ के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकी बार-बार देते हैं। यदि उन्हें कुछ भी हो जाता है तो इसकी सारी जवाबदेही एडीजी मुकेश गुप्ता की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *