पहले ही दिन मेजबान छत्तीसगढ़ ने धो डाला.. दर्जनों गोल दागकर एकतरफा जीत दर्ज की

शेयर करें...

राजनादगांव | nationalert.in

हॉकी इंडिया द्वारा संचालित व छत्तीसगढ हॉकी की मेजबानी में आयोजित की जा रही प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन जुनियर बालक बालिका हॉकी स्पर्धा में आज का दिन मेजबान छत्तीसगढ़ के नाम रहा। बालक व बालिका वर्ग में गुजरात को दर्जनों गोल से पराजित करते हुए अपना टीम ने विजय अभियान प्रारंभ किया। वहीं महाराष्ट्र ने राजस्थान को दोनों ही वर्ग में हराकर 3-3 अंक बटोरे।

अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आज से प्रारंभ हुई प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन जुनियर बालक बालिका हॉकी चैम्पियनशिप के शुभांरभ अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से खेलो का विकास हो रहा है। सरकार हर संभव मदद खेलों व खिलाडि़यों के लिए कर रही है। उन्होने राजनांदगांव में एस्ट्रोटर्फ बदलने के लिए खेल मंत्री को पत्र लिखे जाने की बात कही। उन्‍होंने कहा कि शीघ्र ही मंत्री से मिलकर इसे पूरा कराने का प्रयास करेगें।

राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खिलाड़ियों आयोजकों का निरंतर उत्साहवर्धन कर रहे हैं। इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश में बहुत सी खेल अकादमी प्रारंभ हो रही है। खिलाड़ी इन के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने का काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष हफीज खान व नगर निगम के सभापति हरि नारायण धकेता ने भी प्रतिभागी खिलाड़ियों के साथ ही आयोजकों को भी अच्छे आयोजन के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी।

इसके पूर्व आयोजन समिति के सचिव व छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने व संचालन रणविजय प्रताप सिंह ने किया।

स्पर्धा के तहत 19 मार्च को प्रातःकाल बालिका वर्ग का मैच खेला गया। जिसमें पहले मैच में हॉकी महाराष्ट्र ने हॉकी राजस्थान को 4-2 गोल से पराजित किया। महाराष्ट्र की ओर से तनिष्का संजय शिदे ने लगातार 3 गोल मारते हुए स्पर्धा की पहली हैट्रिक बनाई व 1 गोल संजना ने किया। वहीं राजस्थान की ओर से कप्तान चेतना रानीदास ने पेनाल्‍टी कार्नर से 2 गोल किया।

बालिका वर्ग के ही दूसरे खेले गए एकतरफा मैच में मेजबान छत्तीसगढ़ की बालिकाओं ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए हॉकी गुजरात को 16-0 गोल से पराजित करते हुए अपना विजय अभियान प्रारंभ किया। छत्तीसगढ़ की ओर से ही कप्तान ममतेश्वरी लहरे ने 5 गोल के साथ हैट्रिक भी लगाई। गीता यादव ने 4 गोल, सोनम साहू ने 3 गोल, अक्श प्रवीण, जान्हवी यादव, अंजली, रोहिणी केरकेटटा ने 1-1 गोल किया।

दोपहर में बालक वर्ग के खेले गए मैचो में हॉकी महाराष्ट्र ने हॉकी राजस्थान को 5-1 गोल से आसानी से हरा दिया। महाराष्ट्र की ओर से कार्तिक रमेश पात्रे हैट्रिक लगाई। वही 1-1 गोल कप्तान जयकाले और राज राजेश पवार ने व राजस्थान की ओर से एक मात्र गोल राहुल चौधरी ने किया। बालक वर्ग के दूसरे खेले गए मैच में भी मेजबान छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने दम दिखाते हुए गुजरात को एकतरफा मुकाबले में 15-1 गोल से पराजित कर लीग राउण्ड में 3 अंक प्राप्त किए। मैच प्रारंभ से ही छत्तीसगढ के खिलाडी गुजरात पर हावी रहे और सभी क्वाटर में गोल स्कोर करते चले गए। छत्तीसगढ के हर्ष साहू ने 4 करण साहू व प्रकाश पटेल ने 3-3 श्रेयांश चैरासिया, नीरज कुमार, हिमांशु सिंह, सारिक अहमद खान, व विष्णु यादव ने 1-1 गोल किया। गुजरात की ओर से मंयक कुमार ने 1 गोल किया।

प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच का पुरस्‍कार पहले मैच में तनिष्का संजय शिंदे महाराष्ट्र, दूसरे मैच में कप्तान ममतेश्वरी छत्तीसगढ को तथा बालक वर्ग में कार्तिक रमेश पात्रे महाराष्ट्र व चौ‍थे मैच में छत्तीसगढ के हर्ष साहू को प्रदान किया गया।

आज के मैच
बालिका वर्ग में –
पहला मैच : प्रातः 07.30 बजे से हॉकी महाराष्ट्र विरूद्ध हॉकी मध्यप्रदेश
दूसरा मैच : 09.15 बजे से हॉकी राजस्थान विरूद्ध हॉकी गुजरात
बालक वर्ग में –
दोपहर 02.15 बजे से हॉकी महाराष्ट्र विरूद्ध हॉकी मध्यप्रदेश
दोपहर 04.00 बजे से हॉकी राजस्थान विरूद्ध हॉकी गुजरात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *