भ्रष्ट अधिकारियों की जमात थी, बहुत पैसा था

शेयर करें...

रायपुर।

विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की जनता को बधाई दी है। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की उपस्थिति में उन्होंने कहा कि सरकार के पास भ्रष्ट अधिकारियों की जमात थी। सरकार में काबिज लोगों और भ्रष्ट अधिकारियों के पास बहुत पैसा था लेकिन पसीना जीत गया।

चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रेस कांफें्रस में भूपेश ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का 15 साल का सूखा आज समाप्त हो गया है। लोकतंत्र की जीत बताते हुए राज्य की जनता के साथ उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भी बधाई दी है।

चेहरे वाली बात गलत साबित हुई
चुनाव में कांग्रेस से कौन होगा चेहरा का सवाल उठते रहा है। यह बात आज गलत साबित हुई है। सामुहिक नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

बघेल ने अपनी रणनीति बताते हुए कहा कि हर बूथ पर अलग रणनीति थी और उस पर काम किया गया। उन्होंने पीएल पुनिया का भी शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने जीत हासिल करने वाले दल का सफल नेतृत्व किया है।

कौन होगा मुख्यमंत्री पूछे जाने पर बघेल ने स्पष्ट किया कि यह काम कांग्रेस के विधायकों के जिम्मे है। विधायक जिसे मुख्यमंत्री के तौर पर पसंद करेंगे उसका वह चुनाव करेंगे। राहुल गांधी द्वारा प्रदेश की जनता से जो वायदे किए गए हैं उसे हर हाल में प्रदेश कांग्रेस पूरा करेगी।

अधिकार नहीं मौका दिया : पुनिया
इधर प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि कांग्रेस के एजेंडे को स्वीकार कर जनता ने शासन करने का मौका दिया है। अधिकार देने के स्थान पर ड्यूटी करने का जो अवसर मिला है उसे समय सीमा के अंदर अपने वायदों को पूरा कर कांग्रेसी उस पर खरे उतरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *