क्या वाकई मुख्यमंत्री हार रहे हैं..?

शेयर करें...

नेशन अलर्ट/रायपुर।

क्या वाकई मुख्यमंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव से हार रहे हैं? सोशल मीडिया में कुछ इसी तरह की खबर वायरल हो रही है। तो क्या कांग्रेस द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला पर खेला गया दांव सफल हो जाएगा?

विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में बस्तर संभाग सहित राजनांदगांव जिले की सीटों पर मतदान सोमवार को हो चुका है। लोग अपने-अपने कयासों में लगे हुए हैं। इसी तरह राजनीतिक दल भी गुणा-भाग में जुटे हुए हैं। इधर, एक खबर ने बैचेनी बढ़ा दी है। यह खबर सीधे मुख्यमंत्री से जुड़ी हुई है और भाजपा को परेशान करने वाली है।

क्या कहता है कमल शुक्ला का पोर्टल
बस्तर के पत्रकार कमल शुक्ला ब्लिटज़ हिंदी नामक वेब पोर्टल से जुड़े हुए हैं। उन्हीं के द्वारा कल यह खबर डाली गई थी कि ‘रमन सिंह चुनाव हार रहे हैं’। आज हमने कमल शुक्ला से बात करने का भी प्रयास किया तो उन्होंने बैठक में होने का हवाला देते हुए शाम को बात करने को कहा।

बहरहाल, कमल शुक्ला अथवा उनके पोर्टल ब्लिटज़ हिंदी क्यूंकर मान रहा है कि मुख्यमंत्री चुनाव हार रहे हैं? इस बात की तस्दीक के लिए हमने उनके पोर्टल पर डाली गई खबर का अध्ययन किया। वे अपनी खबर में लिखते हैं कि प्रधानमंत्री सहित अनेक केंद्रीय मंत्रियों की चुनावी सभा में भीड़ जुटाने में भाजपा कार्यकर्ता अब तक असफल रहे हैं।

और तो और भाजपा के स्टार प्रचारक व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी चुनावी सभा में भीड़ नहीं जुटने पर भाजपा की भद्द पीट चुकी है लिखा गया है। आगे पोर्टल लिखता है कि, बस्तर की 12 में से 10 से 11 सीट पर कांग्रेस अथवा अन्य दल के लोग कब्जा जमाते दिख रहे हैं।

आगे पोर्टल लिखता है कि, अब भले ही भाजपा के पैरोकार सोशल मीडिया में बखान करते फिरें कि भाजपा जीत रही है लेकिन सच्चाई यही है कि मुख्यमंत्री स्वयं चुनाव हारने की स्थिति में आ खड़े हुए हैं। उनके अनुसार सोमवार को पहले चरण के चुनाव के बाद मुख्यमंत्री का आत्मविश्वास डगमगा गया है। उनकी बॉडी लैंग्वेज चेंज हो गई है। चेहरे की चमक भी गायब हो गई है। …तो क्या वाकई पोर्टल की खबर में जरा भी सच्चाई है?

DrRamanSinghRajnandgaon
Comments (0)
Add Comment