एक नाम जो टिकट के 62 दावेदारों पर पड़ गया भारी

शेयर करें...

नेशन अलर्ट/रायपुर।

दिल्ली की दौड़ लगाए बिना राजेंद्र उर्फ डब्बू साहू ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट प्राप्त कर सबको चौंका दिया है। राजेंद्र को उस हालात में टिकट मिली है जब बेलतरा से 62 दावेदार कांग्रेस से टिकट के लिए बताए जा रहे थे।

राजेंद्र साहू को अपनी जीत का पूर्ण भरोसा है। उन्होंने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों का आभार मानते हुए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे के प्रत्याशी अनिल टाह को पैराशूट कैंडिडेट कहा है। गांव से जीवंत संपर्क रखने वाले राजेंद्र स्वयं का मुकाबला सीधे भाजपा के रजनीश सिंह से बता रहे हैं।

और किस किस के नाम चौंकाने वाले रहे

इधर, कांग्रेस की चार अलग-अलग सूचियों में 72 नाम घोषित हो गए हैं। कल शाम को जारी की गई चौथी सूची में कुछेक नाम ऐसे हैं जिन पर लोगों को भरोसा नहीं हो पा रहा है। दरअसल, ये नाम टिकट की दौड़ में नहीं थे जबकि जो नाम थे उन्हें दमदार बताया जा रहा था।

कांग्रेस ने अपने आंतरिक सर्वे पर भरोसा कर तथाकथित दमदार प्रत्याशियों के स्थान पर ऐसे नाम शामिल किए जो कि लोगों को चौंका रहे हैं। उदाहरण बतौर सारंगढ़ से पदमा मनहर का नाम टिकट की दौड़ में शामिल था जो कि उत्तरी जांगड़े से पिछड़ गया है। सारंगढ़ जनपद अध्यक्ष उत्तरी को सर्वे के आधार पर टिकट मिली है बताया जा रहा है।

इसी तरह कसडोल से शंकुतला साहू का नाम चौंकाने वाला है। जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कईयों पर भारी पड़ गई हैं। भाटापारा से सुनील महेश्वरी ने टिकट प्राप्त कर कईयों को सोचने मजबूर कर दिया है। बिलाईगढ़ से लडऩे वाले शिव डहरिया को आरंग से उतार कर आरंग से लड़ते रहे रुद्र कुमार गुरु को अहिवारा से टिकट देकर चुनाव को रोचक बना दिया है।

chhattisgarh CongressCongress Candidates
Comments (0)
Add Comment