6 को हर जिला मुख्यालय में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

शेयर करें...

रायपुर।

विधानसभा का मानसून सत्र समय के पहले समाप्त कर दिए जाने को लेकर कांग्रेस आज राज्यपाल से भेंट करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस ने 6 अगस्त को प्रत्येक जिला मुख्यालय में धरना देने का मन बनाया है। अभी इस बात की रणनीति तैयार की जा रही है कि 11 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर में कांग्रेसी विधायक प्रदर्शन में बैठेंगे। यह सारा निर्णय कांग्रेस विधायक दल की आपातकालीन बैठक में लिया गया है।

बैठक समाप्त हो गई है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव व प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल सहित अन्य कांग्रेसी विधायक मौजूद थे। बताया जाता है कि कांग्रेस ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा था जिस पर उसे गुरुवार साढ़े चार बजे का समय मिला है।

पनामा में स्थगन की थी तैयारी
बताया जाता है कि कांग्रेस ने पनामा पेपर लीक मामले में स्थगन लाने की तैयारी कर रखी थी। कांग्रेसी विधायकों का आरोप है कि सरकार इससे डर गई और उसने खुद होकर सत्र समाप्त करवा दिया। नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव के अनुसार पहले भी इस तरह के गतिरोध होते रहे हैं। कभी भी इस तरह सत्र समाप्त करने की जरुरत नहीं पड़ी। यह कैसा लोकतंत्र है? कांग्रेस इस तानाशाही की खिलाफत करेगी। प्रदेश अध्यक्ष बघेल सहित तमाम विधायक राज्यपाल से मिलने जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *